स्थानीय विधायक मंत्री केदार कश्यप ने किया निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण,सड़क निर्माण कार्य बारिश से पहले पूर्ण होने के निर्देश

स्थानीय विधायक मंत्री केदार कश्यप ने किया निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण
सड़क निर्माण कार्य बारिश से पहले पूर्ण होने के निर्देश

नारायणपुर 16 मई 2026/नारायणपुर से कोंडागांव जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग NH 130 डी के निर्माण कार्य का राज्य सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की समझौता नहीं होगी और लापरवाही बरतने वाले निर्माण एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन सहित राष्ट्रीय राजमार्ग की अधिकारी प्रज्ञा नंद मौजूद रहीं।
वन मंत्री श्री कश्यप ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले किसी भी सामग्री में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां मुरम की आवश्यकता होगी वहां मुरम ही डाली जाएगी, मिट्टी डालकर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह सड़क नारायणपुर जिले के लिए “जीवनदायिनी सड़क” साबित होगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि बारिश शुरू होने से पहले सड़क निर्माण का कार्य तेजी से पूर्ण किया जाए ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री कश्यप ने भारी माइनिंग वाहनों से सड़क पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए वैकल्पिक रूट डायवर्ट करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और लगातार गुणवत्ता परीक्षण करने की बात कही।
निर्माण एजेंसी ने बताया कि कोंडागांव से नारायणपुर तक लगभग 50 किलोमीटर लंबी सड़क का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। नारायणपुर से गुलूमकौड तथा कोकड़ी से कोदागांव तक सड़क पर डामरीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि छेरीबेड़ा से गोलमकोडो तक डामरीकरण का कार्य अधूरा है। यहां लगातार कॉम्पेक्शन का कार्य किया जा रहा है।
इस मार्ग पर बनने वाले अधिकांश पुल-पुलियों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि दो पुल-पुलियों को बारिश से पहले पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर से गढ़बेगाल चौक तक 48 किलोमीटर सड़क का यह पहला चरण है। इसके बाद दूसरे चरण में गढ़बेगाल चौक से अबूझमाड़ होते हुए नेलांगुर और महाराष्ट्र सीमा तक सड़क निर्माण किया जाएगा। सड़क बनने के बाद नारायणपुर सीधे महाराष्ट्र से जुड़ जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से बस्तर, जगदलपुर, कांकेर, कोंडागांव तथा ओडिशा क्षेत्र के लोगों को नारायणपुर मार्ग से महाराष्ट्र तक आसान और सीधा संपर्क मिल सकेगा, जिससे व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।