CHHATTISGARH

जिले में खाद्य सुरक्षा अभियान, 159 प्रतिष्ठानों का हुआ निरीक्षण

जिले में खाद्य सुरक्षा अभियान, 159 प्रतिष्ठानों का हुआ निरीक्षण

नारायणपुर, 17 मई 2026// जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के अंतर्गत 27 अप्रैल से 11 मई तक विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया गया। यह अभियान नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेश तथा कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, चाट-गुपचुप सेंटर, गन्ना रस एवं जूस सेंटर, डेयरी फर्म, होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी, स्वीट शॉप, मिड डे मील एवं हॉस्पिटल कैंटीन, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर विक्रेता, ढाबा, फल विक्रेता तथा आइसकैंडी निर्माताओं का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, अवसान तिथि के बाद खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने, हैंड ग्लब्स एवं हेड कवर पहनने, कर्मचारियों का नियमित मेडिकल चेकअप कराने तथा खाद्य सामग्री को न्यूज पेपर में नहीं परोसने के निर्देश दिए गए। साथ ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, वाटर टेस्टिंग कराने तथा एफएसएसएआई अधिनियम के तहत पंजीयन एवं लाइसेंस बनवाने के लिए भी जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 2 विधिक खाद्य नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं खराब एवं एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आम जनता एवं खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा और मानकों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के तहत जिले के कुल 159 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं राजस्व निरीक्षक प्रमुख रूप से शामिल रहे। विभाग द्वारा जिले में प्रत्येक माह नियमित रूप से निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।