CG : VIP कल्चर छोड़ सरकारी योजना में शादी रचाएंगे ये विधायक,CM के साथ पूरा मंत्रिमंडल बनेगा साक्षी..

बेमेतरा : बेमेतरा विधानसभा से बीजेपी विधायक एक बहुत ही शानदार काम करने जा रहे हैं। इस काम के जरिए वो अपनी सरलता और सहजता भी दिखा रहे हैं। ये पहल बीजेपी विधायक दीपेश साहू की ओर से की गई है। दरअसल दीपेश साहू 31 मई को बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ‘मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना’ के तहत शादी के बंधन में बंधेंगे और सिर पर सेहरा सजाएंगे। इस मौके पर CM के साथ ही पूरा मंत्रिमंडल रहेगा मौजूद।
बीजेपी विधायक दीपेश साहू की ओर से एक सराहनीय पहल
बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक दीपेश साहू की ओर से ये सराहनीय पहल की गई है। इस महीने की 31 मई को वो जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ‘मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना’ के तहत शादी के पावन रिश्ते में बंधेंगे। गौर करने वाली बात है कि छत्तीसगढ़ में इससे पहले शायद ही ऐसा मौका देखने को मिला होगा जब पहली बार कोई वर्तमान विधायक वीआईपी कल्चर से दूर होकर अपनी शादी को सादगी औऱ सरलता के साथ करेगा।
CM विष्णुदेव के साथ ही सारा मंत्रीमंडल बनेगा शादी का गवाह
वहीं विधायक दीपेश साहू के इस फैसले का जिला प्रशासन ने भी स्वागत किया है और इसके लिए आधिकारिक निमंत्रण पत्र भी जारी किए गए हैं। इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल होगें और अपना आशीर्वाद देंगे। वहीं इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विजय बघेल, अरुण साव के साथ ही विजय शर्मा भी शिरकत करेंगे । इसके अलावा विधायक भी विवाह में अपनी अपनी मौजूदगी दर्ज करांएगे।
24 जोड़े बंधेंगे शादी के पवित्र बंधन में
विधायक दीपेश साहू तरूणा साहू के साथ शादी रचाएंगे। इसके साथ ही क्षेत्र के 23 गरीब व जरूरतमंद जोड़ों की भी शादी करेंगे। लिहाजा विधायक दीपेश साहू की इस पहल को काफी सराहा जा रहा है क्योंकि विधायक होकर भी ऐसी सादगी से शादी करना काफी बड़ा कदम माना जा रहा है।