तेलंगाना-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर भीषण नक्सली हमला: 5 जवान शहीद, 8 माओवादी ढेर।

बस्तर/बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले और तेलंगाना की सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान गुरुवार सुबह बड़ा नक्सली हमला हुआ है। माओवादियों ने वाजेडु क्षेत्र के पास तेलंगाना पुलिस पर घात लगाकर हमला किया और IED विस्फोट किया, जिसमें अब तक 5 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि एक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ जब कर्रेगुट्टा क्षेत्र में नक्सल विरोधी ऑपरेशन जारी था और तेलंगाना पुलिस भी इसमें सक्रिय थी। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आठ माओवादियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में माओवादी संगठन के शीर्ष नेता सीसी सदस्य चंद्रन्ना और एसजेडसीएम बंडी प्रकाश के शामिल होने की खबर है।
वहीं बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के लंकापल्ली इलाके में मुठभेड़ अब भी जारी है और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
कर्रेगुट्टा ऑपरेशन में अब तक 26 नक्सली ढेर
बता दें कि कर्रेगुट्टा क्षेत्र में चल रहे मेगा नक्सल ऑपरेशन के दौरान बुधवार, 7 मई को सुरक्षाबलों ने 22 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल से चल रहा है और अब तक कुल 26 नक्सली ढेर किए जा चुके हैं। सुरक्षा बलों को इस लंबे ऑपरेशन में अब तक बड़ी सफलता मिली है।
शांति वार्ता पर फिर सवाल
कुछ दिन पहले तेलंगाना की शांतिवार्ता समिति ने इस ऑपरेशन को रोकने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार से बात कर शांति प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी। हालांकि, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था और ऑपरेशन जारी रखने की घोषणा की थी।
इस बीच माओवादियों की केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभय ने भी ऑपरेशन रोकने और बिना शर्त वार्ता की पेशकश की थी। मगर गुरुवार के भीषण हमले ने शांतिवार्ता की संभावनाओं को झटका दे दिया है और माओवादियों की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं और ऑपरेशन पूरी ताकत के साथ जारी है।