Navratri

नकुलनार में गाजे-बाजे और भव्य झांकी के साथ नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ।

 

माता दुर्गा की प्रतिमा विराजित, भक्तिमय माहौल में सजाया गया भव्य पंडाल।

दंतेवाड़ा। नवरात्रि पर्व के प्रथम दिन नकुलनार ग्राम श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो उठा। ग्रामवासियों के सहयोग से महाराणा प्रताप चौक में माता दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और मृदंग की थाप पर जयकारों के बीच माता के ग्राम आगमन का स्वागत किया गया। श्यामगिरी चौक से महाराणा प्रताप चौक तक निकाली गई भव्य झांकी ने पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय कर दिया।

दुर्गा समिति द्वारा विशेष सेवा पंडाल का निर्माण, जहां प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दंतेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे पदयात्रियों हेतु भंडारा, प्रसादी और चिकित्सा सेवा की व्यवस्था की गई है। प्रथम दिन पुजारी सुनील मिश्रा के द्वारा माता के शैलपुत्री स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान बंगीय समाज की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर देवी का स्वागत किया, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक आभा निखारी।वर्षों बाद ग्राम में इतना भव्य आयोजन, जिसमें बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

श्रद्धा और उल्लास का संगम।

ग्रामीण बताते हैं कि लंबे समय बाद नकुलनार में इतना भव्य नवरात्र आयोजन देखने को मिला है। पूरे चौक को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया। आतिशबाजी और धार्मिक गीतों ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया।भक्तों की उमंग और श्रद्धा ने नकुलनार में नवरात्रि की शुरुआत को अविस्मरणीय बना दिया है।