नारायणपुर में गरबे की गूंज। नृत्य, संगीत और आस्था का संगम।

सुरेश सोनी नारायणपुर। हाई स्कूल परिसर में रास गरबा समिति के तत्वावधान में गरबा महोत्सव 2025 का ऐतिहासिक आयोजन शुरू हो गया है। हर साल की तरह इस बार भी यह महोत्सव सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया है। 22 सितंबर से शुरू हुआ यह आयोजन आगामी 1 अक्टूबर तक 10 दिनों तक चलेगा। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण और गरबा की रंगीन लय से गूंज सुनाई देने लगी है। महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में गरबा-डांडिया खेलते नजर आए।
हजारों की संख्या में लोग इस आयोजन का आनंद लेने पहुंचे। भक्ति संगीत और नृत्य से पूरा मंडप जगमगा उठा। आयोजकों ने बताया कि पारंपरिक लोकगीतों और विधिविधान के साथ इस गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। यह आयोजन नारायणपुर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला साबित हो रहा है।