BASTARCHHATTISGARHDantewadaPolish

इंस्टाग्राम पर युवती को स्कॉर्पियो से स्टंट करना पड़ा मंहगा, पुलिस ने वाहन किया जब्त।

 

दंतेवाड़ा यातायात पुलिस और बारसूर थाना की संयुक्त कार्रवाई, 23 सौ रुपए का जुर्माना।

 

दंतेवाड़ा। सोशल मीडिया पर स्कॉर्पियो वाहन से स्टंट करते हुए एक युवती का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। वायरल वीडियो के संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री गौरव राय के निर्देश पर यातायात पुलिस दंतेवाड़ा ने संबंधित वाहन की पतासाजी कर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, ब्लैक स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG18 Q7252 पर युवती द्वारा सड़क पर स्टंट करते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया गया था। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद यातायात प्रभारी प्रहलाद साहू और उनकी टीम ने वाहन का पता लगाया, जो बारसूर क्षेत्र का पाया गया। तत्पश्चात बारसूर थाना पुलिस से समन्वय स्थापित कर वाहन को कब्जे में लिया गया। वाहन मालिक और संबंधित युवती के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 व 130(1)/177 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। इस दौरान ₹2300 का समन शुल्क वसूल किया गया। पुलिस ने युवती को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी और चेतावनी दी कि दोबारा ऐसी हरकत न करें, जिससे स्वयं की और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।

दंतेवाड़ा यातायात पुलिस और बारसूर थाना ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए जान जोखिम में डालने वाले स्टंट न करें। यातायात नियमों का पालन करें, “स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।