कुआकोंडा में बस्तर ओलंपिक का आयोजन, विधायक चैतराम बोले — गांव से निकलेंगी प्रदेश की खेल प्रतिभाएं।

दंतेवाड़ा। बस्तर अंचल की समृद्ध खेल परंपरा को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2025 के तहत दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन हितावर खेल मैदान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

आयोजन का संचालन जनपद पंचायत कुआकोंडा द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
विधायक चैतराम अटामी ने इस अवसर पर कहा कि “बस्तर की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के बच्चे अनुशासित, परिश्रमी और जुझारू हैं। जरूरत सिर्फ मंच देने की है। ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अवसर देते हैं बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान को भी मजबूत करते हैं। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में दंतेवाड़ा और कुआकोंडा के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले का नाम रोशन करें।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ग्राम स्तर से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अब हर युवा को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है।

कार्यक्रम में नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत अध्यक्ष, ने कहा कि “बस्तर ओलंपिक न केवल खेलों को बढ़ावा देने का माध्यम है, बल्कि यह ग्रामीण युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। ”प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, दौड़, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, फुटबाल, कराटे, बेडमिंटन और रस्साकशी जैसे पारंपरिक व आधुनिक खेलों का रोमांच देखने को मिला। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही और हर खेल के साथ उत्साह चरम पर रहा। विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता के लिए किया गया, जो जल्द ही दंतेवाड़ा मुख्यालय में आयोजित की जाएगी। इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, जनपद उपाध्यक्ष दीपिका भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती, धीरेन्द्र प्रताप, रामबाबू गौतम, गोविंद तिवारी, मंगल बघेल, रंजना कश्यप, सुमित भदौरिया, अभिषेक राठौर, राजीव चौहान, जनपद सीईओ एमआर कश्यप, बीईओ प्रमोद भदौरिया, मनोज राठौर, आशु राठौर समेत जनप्रतिनिधि गण एवं शिक्षक शिक्षिकाएं और बच्चे मौजूद रहे। इस अवसर पर धीरेंद्र राठौर ने मंच संचालन किया।