BASTARCongress

कुआकोंडा में कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ पदयात्रा, केंद्र  पर योजना को कमजोर करने का आरोप।

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाडा जिले के कुआकोंडा ब्लॉक में मनरेगा को कमजोर किए जाने के विरोध में शनिवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली गई। कुआकोंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित यह पदयात्रा मैलावाडा से शुरू होकर मैलावाडा चौक पर संपन्न हुई।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा एवं पीसीसी सदस्य व पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को कमजोर करने और ग्रामीण गरीबों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

पीसीसी संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा ने कहा कि मनरेगा केवल एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि गरीब और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा की मजबूत रीढ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में कटौती और मजदूरी भुगतान में देरी के जरिए मनरेगा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। केंद्र सरकार की मंशा इस योजना को धीरे-धीरे कमजोर कर बंद करने की है, जिसका सीधा असर गरीब तबके पर पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी इस नीति का पुरजोर विरोध करती है।

वहीं पीसीसी सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम को कमजोर कर ग्रामीण मजदूरों को उनकी आजीविका से वंचित करने का प्रयास कर रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह पदयात्रा आयोजित की गई है। इस पदयात्रा में पीसीसी सदस्य पंजामी राम मांडवी, जिला महामंत्री भीम सेन मांडवी, विमल सलाम, शंकर कुंजाम, ब्लॉक अध्यक्ष कुआकोंडा राजकुमार नाग, ब्लॉक अध्यक्ष बचेली ग्रामीण नंदाराम कुंजाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।