CRPF

231 बटालियन CRPF में शौर्य दिवस मनाया गया, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि।

 

दंतेवाड़ा । केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 231 बटालियन द्वारा 9 अप्रैल 2026 को शौर्य दिवस बड़े सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कमांडेंट सुनील भवर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद क्वार्टर गार्ड पर विशेष गार्ड द्वारा सलामी दी गई। इसके पश्चात सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें कमांडेंट श्री भवर ने जवानों को सीआरपीएफ की वीरता गाथाओं से अवगत कराया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल 1965 का दिन सीआरपीएफ के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिन रन ऑफ कच्छ (गुजरात) में पाकिस्तानी सेना के हमले को सीआरपीएफ के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए नाकाम कर दिया था। लगभग 12 घंटे चली इस भीषण लड़ाई में दुश्मन के 34 सैनिक मारे गए और 4 को जिंदा पकड़ा गया, जबकि 8 बहादुर जवान मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।कमांडेंट ने जवानों को शौर्य शपथ दिलाई और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा सभी जवानों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी सतीश कुमार मलिक, उप कमांडेंट संजय कुमार पूनिया, प्रताप कुमार बेहेरा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि कुमार सोनकर, सहायक कमांडेंट सुनील कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।