नक्सलियों ने ट्रेन को रोककर बांधा बैनर।

दन्तेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा में माओवादियों ने एक बार फिर मालगाड़ी को अपना निशाना बनाया है। जिले के भांसी थाना क्षेत्र के झिरका-बासनपुर के जंगल में नक्सलियों ने मालगाड़ी को रुकवाकर बैनर बांध दिया। और लोको पायलट से वॉकी-टॉकी भी लूट लिया है। नक्सलियों ने रेलवे के किसी भी कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक लगभग 50 हथियारबन्द माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि देर शाम लाल बैनर लेकर माओवादी किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन में ट्रैक के बीच खड़े थे। किरंदुल की ओर से आ रही ट्रेन को माओवादियों ने रुकवाया। माओवादियों को देख पायलेट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। हालांकि, संवेदनशील इलाका होने की वजह से ट्रेन की रफ्तार पहले से ही कम थी। ट्रेन को रुकवाने के बाद माओवादियों ने लोको पायलट समेत अन्य कर्मचारियों को नीचे उतारा। उनसे उनका वॉकी-टॉकी ले लिया। मालगाड़ी के एक डिब्बे में बैनर भी बांधे। वारदात को अंजाम देने के कुछ देर बाद माओवादी जंगल की तरफ चले गए। जिसके बाद ट्रेन को वहां से रवाना किया गया। इधर, कर्मचारियों ने इस वारदात की जानकारी फौरन रेलवे के उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस को इसकी खबर मिलते ही इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।