Crime

नक्सलियों ने दिनदहाड़े पूर्व सरपंच को मारी गोली।

 बस्तर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच की हत्या कर दी है। जिले के दुर्गुकोंदल इलाके में नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम ने पूर्व सरपंच को दिनदहाड़े गोली मार दी है । घटना के बाद हड़कंप मच गया है । जानकारी के मुताबिक , कांकेर जिले के दुर्गुकोंदल ब्लॉक स्थित मोनेट इस्पात लिमिटेड खदान में नक्सलियों ने यह हमला किया है ।बताया जा रहा है कि नोहर सिंह अपने ट्रक को लोड करवाने सोमवार को खदान पहुंचा था । इसी बीच खदान के प्रवेश द्वार पर ग्रामीण वेशभूषा में 3 नक्सली पहुंचे और ऑपरेटर से चर्चा करने की बात कहते हुए खदान के भीतर प्रवेश कर सीधे नोहर सिंह तुलावी के पास पहुंचे और उस पर फायर कर दिया ।अपने ऊपर हमला होता देख नोहर तुलावी ने वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन हमलावर नक्सलियों ने उसे पकड़ लिया और उस पर फिर नजदीक से कई गोलियां दाग दीं । गोली मारने के बाद नक्सली नोहर तुलावी के सिर पर एक पत्थर पटक कर भाग खड़े हुए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से खदान में हड़कंप मच गया खदान में कार्यरत लोगों ने घायल अवस्था में नोहर सिंह तुलावी को दुर्गकोदल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया , जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कांकेर रेफर किया गया है ।