दूरस्थ वनांचल से निकली प्रतिभा, AMNS इंडिया ने किया सम्मानित।

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल ग्राम चोलनार और मदाड़ी के चार होनहार विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। AMNS इंडिया ने अपनी “ज्ञानज्योति” सीएसआर पहल के तहत पहली बार इन प्रतिभावान छात्रों को छात्रवृत्ति एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि यहां के विद्यार्थियों ने MBBS, BVSc और B.Tech जैसे प्रतिष्ठित कोर्सों में प्रवेश प्राप्त कर नई मिसाल कायम की है। सम्मानित विद्यार्थियों में भीमा मंडावी (B.V.Sc. & A.H.), राजेश कुमार कड़ती (MBBS), राकेश कड़ती (B.Tech – IT) और सोनिया मंडावी (B.Tech – Biotechnology) शामिल हैं।

कार्यक्रम में AMNS इंडिया किरंदुल प्लांट के प्रोजेक्ट हेड, सिविल इंजीनियरिंग एवं CSR टीम के सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री सोमारू कड़ती, मंगल कुंजाम, 8 ग्राम पंचायतों के सरपंच, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने AMNS इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए इसे वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद और सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।