दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान एक इनामी महिला नक्सली ने आत्म समर्पण कर दिया है। डीआईजी पुलिस कमलोचन कश्यप, डीआईजी सीआरपीएफ विनय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा सिद्धार्थ तिवारी के समक्ष आत्मसमर्पण किया। महिला नक्सली ने लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित महिला नक्सली बतौर एलओएस डिप्टी कमांडर काफी लंबे समय से दंतेवाड़ा में सक्रिय थी। समर्पण करने वाली महिला नक्सली कुमारी कडती उर्फ रोशनी ओयाम पर तीन लाख रूपये का इनाम घोषित था। दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इलाके में नक्सली उन्मूलन के लिए लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान चलाया जा रहा है। कई ग्रामीण जो नक्सलियाें के बहकावे में आकर नक्सली संगठन में शामिल हो जाते हैं। इन्हें मुख्य धारा में वापस लाने के लिए नक्सल प्रभावित गांव में बैनर पोस्टर लगाकर नक्सलियों को सरेंडर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आज इसी अभियान के तहत एलओएस डिप्टी कमांडर ने सरेंडर किया है। सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित महिला को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 139 इनामी नक्सली सहित कुल 558 नक्सली आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं। इन घटनाओं में थी शामिल। आत्मसमर्पित महिला नक्सली वर्ष 2016 में गश्त पर निकली पुलिस पार्टी को जान से मारने एवं हथियार लूटने की नियत से चेरली कोकोड़ी पारा के पास एम्बुश लगाकर फायरिंग करने की घटना में शामिल थी। उक्त घटना में पुलिस के 02 जवान शहीद हुए थे। वर्ष 2016 में पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण सुकमन कड़ती निवासी कोकोडी को ग्राम तामोडी में जन अदालत लगाकर टंगिया मारकर हत्या करने की घटना में शामिल थी। वर्ष 2017 में सुुुकमा जिले के बुरकापाल में सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में लगे पुलिस पार्टी पर हमला कर 25 शहीद एवं 11 जवानों को घायल करने की घटना में शामिल थी। वर्ष 2017 में पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण पाण्डू पदाम निवासी तामौड़ी को ग्राम बेचापाल में जन अदालत लगाकर टंगिया मारकर हत्या करने की घटना में शामिल थी। वर्ष 2017 माह मई में नक्सली बंद के दौरान जिला बीजापुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम मद्देड़ से भोपालपटनम जाने वाले मुख्यमार्ग पर भोपालपटनम और मद्देड़ के बीच पेड़ काटकर मार्ग अवरोध कर नक्सली बैनर, पोस्टर एवं पाम्पलेट लगाने की घटना में शामिल थी।