मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नारायणपुर में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का किया गया शुभारंभ,

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नारायणपुर में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का किया गया शुभारंभ
जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष ने किया अवलोकन

नारायणपुर, 12 जून 2026 // केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नारायणपुर जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल के द्वारा किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में संचालित विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में वित्तीय समावेशन, आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना विकास तथा सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों को दी जा रही है। इसके माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि किस प्रकार केंद्र सरकार की योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में करोड़ों शौचालयों के निर्माण की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान किए जाने और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास से देश में आए बदलावों को भी चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
जिले के नागरिक बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे हैं तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों से अवगत कराना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है।
तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने की अपील की है। इस दौरान जिला पंचायत के सदस्य जनपद पंचायत के सदस्य और नगर पालिका के पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि और मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे |