ब्रेकिंग : एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, घर में दो बच्चे और पिता की मिली लाश

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में पिता और उसके दो बच्चों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक की टीम पहुंची है। प्रारभिक जांच में पाया गया कि तीनों की मौत कीटनाशक जहर के सेवन से हुई है।
दरअसल, चौकी नैला क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी में एक व्यक्ति व उसके दो बच्चों लाश मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ है कि मृतक रमेश कुमार पटेल का लगभग एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। बताया गया है कि 16 जून को रमेश कुमार पटेल अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, किंतु पत्नी द्वारा वापस आने से इंकार करने पर वह अकेला घर लौट आया था।
आज सुबह लगभग 8 बजे मृतक का पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने ग्राम कटनाई गया हुआ था। लगभग 11:30 बजे उसे सूचना मिली कि उसका पुत्र एवं दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। सूचना पर घर पहुंचकर देखने पर रमेश कुमार पटेल तथा उसके दोनों बच्चे मृत पाए गए।
घटना की सूचना पर चौकी नैला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर मर्ग कायम किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं। CSP खापर्डे ने बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौजूद अधिकारियों- कर्मचारियों को हर पहलू पर जांच के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।