Polish

यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने बस ऑपरेटरों के साथ बैठक।

दन्तेवाड़ा।  दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक सिद्वार्थ तिवारी के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.के. बर्मन के मार्ग दर्शन में श्री कृष्ण कुमार चन्द्राकर, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से आज यातायात शाखा दन्तेवाड़ा में बस संचालकों की मीटिंग आयोजित की गई। जिसमें दन्तेवाड़ा से संचालित होने वाली राज्यीय एवं अर्न्तराज्यीय बस संचालकों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से आवश्यक हिदायत दिया गया। संचालकों को नियत समय चक्र पर बसों का संचालन करने हिदायत दिया गया ताकि संचालकों के द्वारा आपस में किसी भी प्रकार की वाद-विवाद की स्थिति निर्मित न हो। चालकों को बसें निर्धारित स्टॉपेज पर ही रोककर सवारियों को उतारने व चढ़ाने के साथ साथ सड़क किनारे संचालित स्कूल/कॉलेजों के पास बसों का संचालन नियंत्रित गति से करने की समझाईश दी गई। बस संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वाहन चालन के दौरान चालकों एवं परिचालकों द्वारा वाहन से संबंधित समस्त प्रकार के दस्तावेज साथ में रखना सुनिश्चित करें। मीटिंग के दौरान सभी ऑपरेटरों को अपने बस चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने हेतु निर्देशित करने कहा गया, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस दौरान नगर के बस संचालक भूपेन्द्र सिंह, संजय, रिंकू एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।