जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलगांव में आज शाला प्रवेश उत्सव बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया,

*”क्षेत्र व जिले के बच्चे बनेंगे कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर और इंजीनियर” :- हीना नाग जिला पंचायत सदस्य नारायणपुर*
*शाला प्रवेश उत्सव में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा*
जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलगांव में आज शाला प्रवेश उत्सव बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर प्राथमिक पाठशाला बेलगांव “अ” व “ब” के कक्षा पहलीं से कक्षा ग्यारहवीं तक के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक एवं चंदन लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीना नाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। शिक्षा ही व्यक्ति को संस्कार, ज्ञान और आत्मविश्वास प्रदान करती है तथा उसे समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने योग्य बनाती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी एवं देश के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
इस अवसर पर श्रीमती हीना नाग द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में जिले के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भारत व छत्तीसगढ़ का मानचित्र भेंटकर तथा मेडल पहनाकर सम्मान किया गया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
अपने उद्बोधन के दौरान श्रीमती नाग अपने स्कूली जीवन की यादों को साझा करते हुए भावुक भी हो गईं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं इसी विद्यालय की छात्रा रही हैं और आज जिस भी स्थान पर हैं, उसमें अपने गुरुजनों द्वारा दिए गए शिक्षा, संस्कार एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में कार्य करते समय उन्हें अपने शिक्षकों द्वारा दिए गए आदर्शों और मूल्यों से निरंतर प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने विद्यालय से 12वीं उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं करियर मार्गदर्शन के लिए वे हर संभव सहयोग प्रदान करेंगी। उनका उद्देश्य क्षेत्र एवं जिले के अधिक से अधिक बच्चों को उच्च पदों पर पहुंचते हुए देखना है ताकि वे अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकें।
श्रीमती हीना नाग ने विद्यालय के समस्त शिक्षकगणों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे निर्माता होते हैं। जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार शिक्षक अपने ज्ञान और समर्पण से विद्यार्थियों के जीवन को प्रकाशमय बनाते हैं तथा उन्हें सफलता का मार्ग दिखाते हैं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बेलगांव के सरपंच, उपसरपंच, पंच, स्कूल के प्राचार्य श्री महेंद्र कश्यप जी, समस्त शिक्षकगण, अभिभावकगण, विद्यार्थी एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।