State

गर्भवती महिलाओं का समय से एएनसी जांच एवं छात्रावासों का हो बेहतर संचालन- नन्दनवार

विकासखण्ड स्तर की बैठक संपन्न में कलेक्टर ने दिए निर्देश।
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा कलेक्टर विनीत नंदनवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद पंचायत गीदम में विकासखण्ड स्तर की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने क्षेत्र में हुए कार्य-प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए क्रमवार पटवारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित पटवारियों से समय से बी-1 वाचन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, गिरदावरी के सबंध में भी पूछा। उन्होंने मैदानी क्षेत्र में भ्रमण कर राजस्व से संबंधित मामलों के निराकरण में तेजी लाने को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी पटवारी अपने अधीनस्थ हल्कों में लंबित प्रकरणों के निराकरण करें।

कलेक्टर ने गीदम विकासखण्ड अंतर्गत सीसी रोड, पीडीएस दुकान, आंगनबाड़ी, गौठान इत्यादि के सबंध में जानकारी ली। उन्होंने सचिवों से वर्षों से लंबित कार्यों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती माताओं के पंजीयन, शिशु पंजीयन, डिलीवरी अपडेशन की स्थिति, लक्ष्य दंपति पंजीयन, चिन्हांकित हाई रिस्क महिलाएं की जानकारी लेते हुए हाई रिस्क महिलाओं का उचित उपचार करने को कहा। उन्होंने एनीमिक महिलाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को एनीमिया से विभिन्न समस्याएं उत्पन्न होती है उनका उचित उपचार करें। साथ ही डोर टू डोर सर्वे कर गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीयन कराएं और मैदानी स्तर पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए और कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षकों से भोजन व्यवस्था, शौचालय, पेयजल आदि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रावास में दूर-दराज के बच्चे पढ़ने आते है। शासन प्रशासन द्वारा बच्चों को आवश्यकतानुसार सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि छात्रावासों का बेहतर तरीके से संचालन करें। विद्यार्थियों को भी किसी प्रकार की समस्या नहीं होना चाहिए इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि छात्रावास में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सूचना दें। उन्होंने बच्चों के लर्निंग आउटकम की जानकारी लेते हुए सर्वांगीण विकास करने की बात कही।
कलेक्टर ने वन पट्टाधारी किसानों का राजीव गांधी न्याय पंजीयन के संबंध में जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला निर्माण समिति द्वारा कराए जा रहे प्रगतिरत कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में अनुपस्थित लोगो को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ललित आदित्य नीलम, एसडीएम श्री कुमार विश्वरंजन, सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।