समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने सीईओ से की मुलाकात।

दंतेवाड़ा। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुड़ामी के साथ जिला पंचायत सदस्य मालती मुड़ामी एवम जिला पंचायत सदस्य पायके मरकाम ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ललित आदित्य नीलम से मुलाकात कर समस्यों से अवगत कराया। इस दौरान मुख्य रूप से दंतेवाड़ा_सुकमा मुख्यमार्ग से मसेनार की तरफ से दंतेवाड़ा_सुकमा मुख्य मार्ग पर स्थित गंजेनार होते हुए नकुलनार के लिए बस सुविधा चालू करने के लिए लिखित में आवेदन दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने मांग रखी कि, उक्त मार्ग पर बस सुविधा चालू होने से आसपास के कई ग्रामों के रहवासियों को फायदा मिलेगा। अभी उन्हें बस पकड़ने हेतु 4 से 5 किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य मार्ग तक आना पड़ता है।यदि इस मार्ग पर बस सेवा शुरू की गई तो ग्रामीणों को अपने ग्राम के पास से ही यह सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। इसी तरह महाराहाऊरनार ग्राम पंचायत में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की कमी की वजह से मरीजों को बहुत से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।इस उप स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत बहुत बड़ा क्षेत्र आता है।इस उप स्वास्थ्य केंद्र पर वर्तमान में एक सी.एच.ओ और एक आर.एच.ओ पदस्थ हैं।नाम मात्र के कर्मचारियों के भरोसे उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हो रहा है। स्टाफ की कमी की वजह से समय पर मरीजों को इलाज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या को स्टाफ की व्यवस्था कर तत्काल दूर करने की मांग की।जनप्रधिनिधियों ने सीईओ को बताया कि, महारा हऊरनार उप स्वास्थ केंद्र के वर्तमान में जो स्टाफ क्वार्टर है उसकी स्थिति भी बहुत ही खराब है। उसकी भी मरम्मत की जरूरत हैं,साथ ही नए स्टाफ क्वार्टर भी बनाया जाए । इसी तरह समेली कन्या आश्रम में 70 बच्चे अध्ययनरत हैं,पर शिक्षकों की कमी की वजह से यहां पर शिक्षा प्रभावित हो रही है,जो शिक्षक वर्तमान में पदस्थ हैं उनमें से एक को संकुल समन्वयक का दायित्व दिया गया है,तो दूसरे शिक्षक की अधीक्षक के रूप में सेवाएं ली जा रही हैं,जिस वजह से बच्चों की शिक्षा पर बहुत प्रभाव पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने इन समस्याओं का लिखित आवेदन भी जिला पंचायत सीईओ को सौंपा।जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया।