CHHATTISGARH

अबूझमाड़ क्षेत्र के 567 पात्र परिवारों को किया जाएग आवास योजना से लाभान्वित,जनपद पंचायत ओरछा ने जारी की महत्वपूर्ण सूचना,

अबूझमाड़ क्षेत्र के 567 पात्र परिवारों को किया जाएग आवास योजना से लाभान्वित,जनपद पंचायत ओरछा ने जारी की महत्वपूर्ण सूचना

नारायणपुर, 23 जुलाई 2026// ओरछा विकासखंड के पात्र परिवारों को शासन की आवास योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत ओरछा द्वारा महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। जनपद पंचायत ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के ऐसे पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की है, जिनके नाम स्थायी प्रतीक्षा सूची में दर्ज हैं, लेकिन वर्तमान में वे अपने मूल ग्राम पंचायतों में निवास न कर अन्य जिलों अथवा अन्य स्थानों पर रह रहे हैं। सूची में प्रभावित परिवारों के 258 तथा नक्सल पीड़ित परिवारों के 309, कुल 567 पात्र हितग्राहियों के नाम शामिल हैं।
जनपद पंचायत ओरछा के सीईओ श्री अमित भाटिया ने जानकारी दिया है कि शासन द्वारा इन सभी पात्र हितग्राहियों को उनके मूल ग्राम पंचायतों में आवास स्वीकृत किए जाने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसलिए सभी संबंधित हितग्राहियों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों का जनपद पंचायत ओरछा के आवास शाखा में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है, ताकि आवास स्वीकृति की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। उपस्थित होने के दौरान हितग्राहियों को आधार कार्ड, समग्र/परिवार संबंधी आवश्यक दस्तावेज (यदि लागू हो), बैंक खाते का विवरण, मोबाइल नंबर तथा आवास शाखा द्वारा मांगे जाने वाले अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
यह सूचना विशेष रूप से अबूझमाड़ क्षेत्र के उन सभी पात्र परिवारों के लिए जारी की गई है, जिनका नाम उक्त सूची में शामिल है। जनपद पंचायत ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों से वंचित न रहें तथा शासन की आवास योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए शीघ्र आवास शाखा में संपर्क कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
साथ ही जनसामान्य, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों एवं मीडिया से भी अनुरोध किया गया है कि इस सूचना को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार केवल जानकारी के अभाव में शासन की आवास योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।