231वीं बटालियन सीआरपीएफ ने उत्साह के साथ मनाया 88वां स्थापना दिवस, शहीदों को दी श्रद्धांजलि।

दंतेवाड़ा। 231वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने 88वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट सुनील भवर द्वारा शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली और आयोजित सैनिक सम्मेलन में जवानों को सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास एवं शौर्य गाथाओं से अवगत कराया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई भी वितरित की गई। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। वहीं दंतेवाड़ा रेंज सीआरपीएफ के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 231वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

कार्यक्रम के दौरान फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समां बांध दिया। इसके बाद आयोजित सामूहिक भोज में सभी जवानों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी सौरभ रॉय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुब्रता मंडल, उप कमांडेंट संजय कुमार पूनिया, उप कमांडेंट सुनील कुमार सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनमोहन मीणा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।