अबूझमाड़ में मौत से मुकाबला: उफनती नदी का पानी BSF कैंप में घुसा, 5–6 फीट पानी में डूबा कैंप, जवानों ने टीन शेड की छत और पेड़ों पर चढ़कर बचाई अपनी जान,

अबूझमाड़ में मौत से मुकाबला: उफनती नदी का पानी BSF कैंप में घुसा
▪️ 5–6 फीट पानी में डूबा कैंप, जवानों ने टीन शेड की छत और पेड़ों पर चढ़कर बचाई जान,
▪️ राशन, वायरलेस सेट, दस्तावेज सहित कई सामान बहा,
▪️ सुबह रेस्क्यू कर सभी जवान सुरक्षित निकाले गए, कैंप शिफ्ट करने की तैयारी,
नारायणपुर-अबूझमाड़ के दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदी उफान पर आ गई। बुधवार देर रात नदी का तेज बहाव सीधे BSF कैंप में घुस गया, जिससे कैंप में करीब 5 से 6 फीट तक पानी भर गया।
रात करीब 11 बजे अचानक आई बाढ़ से कैंप में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए जवानों ने तत्काल टीन शेड की छत बैठकर और आसपास के पेड़ों पर चढ़कर कई घंटे बिताए। बाढ़ के पानी में कैंप का राशन, वायरलेस सेट, दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान बह गया।
गुरुवार सुबह पानी का स्तर घटने के बाद दूसरी बटालियन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि किसी भी जवान के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और BSF अब कैंप को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं।
अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों को बारिश के मौसम में नक्सली खतरे के साथ-साथ प्राकृतिक आपदा का भी सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।