CHHATTISGARH

मरोली नाला के क्षतिग्रस्त पुलिया मरम्मत कार्य का कलेक्टर नम्रता जैन एसपी संदीप पटेल ने किया निरीक्षण मरम्मत कार्य में शीघ्र पूर्ण करने के दिये निर्देश

मरोली नाला के क्षतिग्रस्त पुलिया मरम्मत कार्य का कलेक्टर नम्रता जैन एसपी संदीप पटेल ने किया निरीक्षण

मरम्मत कार्य में शीघ्र पूर्ण करने के दिये निर्देश

नारायणपुर, 05 अगस्त 2026// जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ग्राम भरण्डा से हुच्चाकोट मार्ग पर स्थित पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद कलेक्टर नम्रता जैन एवं संदीप पटेल ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली और कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि लगातार हुई बारिश के कारण पुलिया के दोनों ओर के अप्रोच पूरी तरह कट जाने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। इस स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराने, पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने निर्देशित किया। कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन किया जाए, ताकि कार्यस्थल पर किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिया के दोनों ओर आवश्यक बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मरम्मत कार्य की नियमित निगरानी की जाए और कार्य पूर्ण होने तक लगातार प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मार्ग को जल्द से जल्द आवागमन के लिए सुरक्षित एवं सुचारु रूप से बहाल किया जाए, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को राहत मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा पुलिया की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जनपद सीईओ गुरमित सिंह सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।