CHHATTISGARH

अंतागढ़ मार्ग दलदल और गड्ढों में तब्दील, बस सेवा बंद होने से ग्रामीण परेशान — नरेन्द्र नाग प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष बस्तर लोकसभा आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़

आम आदमी पार्टी बस्तर, छत्तीसगढ़
20/08/2026

नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग दलदल और गड्ढों में तब्दील, बस सेवा बंद होने से ग्रामीण परेशान — नरेन्द्र नाग प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष बस्तर लोकसभा आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़

बीएसपी माइंस प्रबंधन और प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही आम जनता, बुजुर्गों और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल-परमित दुग्गा जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी नारायणपुर

नारायणपुर। नारायणपुर-अंतागढ़ मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ने दुरस्थ अंचल के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों और दलदल में तब्दील हो चुकी है। बारिश के बाद हालात इतने खराब हैं कि छोटे-बड़े सभी तरह के वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं। सड़क की दुर्दशा के चलते बस ऑपरेटरों ने भी बस सेवा बंद कर दी है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

 


आम आदमी पार्टी बस्तर ने इस गंभीर समस्या के लिए बीएसपी माइंस प्रबंधन और जिला प्रशासन की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत और आवागमन बहाल करने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने कहा कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर, विद्यार्थी और कर्मचारी आवागमन करते हैं। बस सेवा बंद होने के कारण दुरस्थ गांवों के लोगों को आने-जाने के लिए घंटों भटकना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को हो रही है। आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल तक पहुंचाना भी चुनौती बन गया है।
उन्होंने कहा कि जिस सड़क से आम जनता के साथ-साथ भारी वाहनों की आवाजाही होती है, उसकी समय पर मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। लेकिन बीएसपी माइंस प्रबंधन और संबंधित प्रशासन की उदासीनता के कारण सड़क लगातार बदतर होती जा रही है। बारिश में सड़क का बड़ा हिस्सा दलदल बन गया है और वाहन चालकों की जान जोखिम में है।
आम आदमी पार्टी बस्तर ने मांग की है कि—
1. नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग की तत्काल युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए।
2. सड़क पर बने गड्ढों और दलदल को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
3. बस सेवा बंद होने के कारणों की जांच कर तत्काल नियमित यात्री बस सेवा शुरू कराई जाए।
4. सड़क की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार बीएसपी माइंस प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
5. ग्रामीणों, विशेषकर मरीजों और बुजुर्गों के लिए तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की जाए।
आप बस्तर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई और बस सेवा बहाल नहीं हुई तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। सरकार और प्रशासन को यह समझना होगा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि दुरस्थ ग्रामीणों के लिए अस्पताल, शिक्षा, रोजगार और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने की जीवनरेखा है।

 

5