डीएव्ही हितावर में मनाया गया पराक्रम दिवस।

दन्तेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड के हितावर स्थित डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल विद्यालय परिसर में सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में पराक्रम दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा”, “जय हिंद”, “दिल्ली चलो” जैसे करिश्माई नारों से देश की आजादी की लड़ाई को नई ऊर्जा देने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 23 जनवरी को 127 वीं जयंती है नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल है जिनसे आज के दौर का युवा वर्ग प्रेरणा लेता है। देश के स्वाधीनता आंदोलन के नायकों में से एक नेता जी की जीवनी उनके विचार और उनका कठोर त्याग आज के युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी का जन्म 23 जनवरी 1897 को उड़ीसा बंगाल डिवीजन के कटक में हुआ था। इस कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के संस्था प्रमुख श्री बी.के. शर्मा के द्वारा सुभाष चंद्र बोस जी की छाया चित्र पर पुष्प माला अर्पित किया गया। इस कार्यक्रम के अवसर पर बच्चों के द्वारा भाषण, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक की मनमोहक प्रस्तुति पेश की गई। प्राचार्य महोदय श्री बी.के. शर्मा ने सुभाष चंद्र बोस जी के के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन को नेताजी की अदम्य भावना और राष्ट्र के लिए निस्वार्थ सेवा को सम्मानित करने और याद करने के लिए मनाया जाता है। विद्यार्थियों को भी जीवन में नेक कार्य करते हुए सेवा भाव को जीवन में अंगीकार करते हुए पढ़ लिख कर उन्नति के शिखर पर पहुंचना है।

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ।
इस अवसर पर विद्यालय में वार्षिक खेलकूद का भी शुभारंभ प्राचार्य महोदय के कर कमलों से मशाल जलाकर किया गया। यह खेलकूद 23 जनवरी से 25 जनवरी तक चलेगा तथा 26 जनवरी को विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के पहले दिन बच्चों ने मनमोहक मार्च पास्ट करके सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इस अवसर पर समस्त छात्र छात्राएं शिक्षक गण तथा अभिभावक गण शामिल हुए. इस पूरे कार्यक्रम के दौरान सभी में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा।