छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला रंग, दिन में गर्मी तो शाम को बादलों ने दी दस्तक, अब बारिश को लेकर आया नया अपडेट

रायपुर। CG Weather: अक्टूबर की शुरुआत के साथ छत्तीसगढ़ के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कहीं तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं अचानक बादल छाने के साथ मौसम सुहाना हो रहा है। मंगलवार को राजधानी रायपुर में दिन के समय गर्मी का असर रहा, लेकिन शाम होते ही आसमान में बादलों का डेरा दिखाई दिया। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। शाम या रात के समय कुछ इलाकों में बूंदाबांदी अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
पिछले 24 घंटे में रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज तापमान करीब 34 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान ज्यादातर जगह मौसम शुष्क रहा। हालांकि मुंगेली और बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बादलों की गरज के साथ बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। इससे साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में अंतर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के कारण मौसमी परिस्थितियों में बदलाव हो रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी आगे बढ़ रही है।
दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ उत्तर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका का असर भी देखा जा रहा है। इन परिस्थितियों के चलते छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।