BJPछत्तीसगढ़दंतेवाड़ाविधानसभा चुनाव

दंतेवाड़ा में तेज हुई सियासी हलचल ,ओजस्वी मंडावी ने दिखाए बगावती तेवर।

भाजपा ने चैतराम अटामी को बनाया है प्रत्याशी।

पांच मण्डल एवं कई बड़े नेताओं ने ओजस्वी का किया समर्थन। 

निर्दलीय चुनाव लड़ सकती है ओजस्वी।

चंद्रकांत छत्रिय दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रत्याशी चयन के बाद विरोध के स्वर उठने लगे हैं। पूर्व दिवंगत विधायक स्व भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मांडवी ने बागी तेवर दिखाते हुए चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। जिला संगठन प्रभारी श्रीनिवास राव मद्दी ओजस्वी मण्डावी से उनके निवास पहुंच कर बात की और उनकी मंशा को समझने की कोशिश की।

गौरतलब है कि दन्तेवाड़ा में बीजेपी के जिला संगठन प्रभारी श्रीनिवास राव मद्दी बीजेपी की बैठक लेने दंतेवाड़ा पहुंचे थे परंतु अधिकांश बीजेपी नेताओं और मंडल अध्यक्षों ने बैठक का बहिष्कार कर ओजस्वी भीमा मंडावी के समर्थन में चितालंका स्थित पहुंच गए और उनके प्रति अपना समर्थन जताया । इस दौरान दंतेवाड़ा विधानसभा से दावेदारी कर रहे दो और नेता बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुड़ामी और जिला पंचायत सदस्य और दंतेवाड़ा मंडल महामंत्री रामू नेताम भी ओजस्वी भीमा मंडावी के निवास पहुंच अपना समर्थन उनको प्रदान किया ।

ज्ञात रहे कि हाल ही में बीजेपी ने जिला अध्यक्ष चैतराम अटामी को दंतेवाड़ा विधानसभा से अपना प्रत्याशी अधिकृत कर दिया ,जिसके बाद से ही जिले में विरोध के स्वर मुखर होने लगे । अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नंदलाल मुड़ामी भी चैतराम अटामी को प्रत्याशी बनाए जाने से पार्टी को नाराजगी दिखा चुके हैं ,इसके अलावा पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी की पुत्री दीपा मंडावी ने भी वीडियो जारी कर बीजेपी संगठन को आड़े हाथों लिया था। इसके बाद से ही जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है ।

सूत्रों के अनुसार 5 मंडल के बीजेपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ओजस्वी मंडावी के समर्थन में उनके निवास पहुंच गए थे । इसके बाद जिला संगठन प्रभारी श्रीनिवास मद्दी स्वयं ओजस्वी भीमा मंडावी के निवास पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया । श्री निवास मद्दी ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के बाद ओजस्वी मंडावी से बात कर उन्हें पार्टी के अनुसार कार्य करने की समझाइश दी ,परंतु ओजस्वी भीमा मंडावी ने कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप निर्णय लेने की बात कही । इसके बाद जिला संगठन प्रभारी ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और संगठन महामंत्री पवन साय से मोबाइल पर ओजस्वी भीमा मंडावी की चर्चा करवाई जिसके विषय में जानकारी देते हुए प्रदेश मंत्री ओजस्वी भीमा मंडावी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री और संगठन महामंत्री ने उन्हें कार्यकर्ताओं को समझाने को कहा तथा सरकार बनने पर मंडल आयोग का प्रस्ताव दिया गया।
हालांकि इस बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला ।
जहां ओजस्वी भीमा मंडावी और उनके समर्थन करने बीजेपी के अन्य पदाधिकारी जिला अध्यक्ष चैतराम अटामी को प्रत्याशी के रूप में स्वीकार करने से स्पष्ट इंकार कर रहे हैं वहीं वो प्रत्याशी बदल कर ओजस्वी भीमा मंडावी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित करने की मांग भी कर रहे हैं ।
इस संदर्भ में जिला संगठन प्रभारी श्रीनिवास राव मद्दी का कहना है चुनाव में टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है ,उन्होंने सभी से बात की है और प्रदेश संगठन को भी वस्तुस्थिति से अवगत करवा दिया है ,यह परिवार का विषय है शीघ्र समाधान निकलेगा और दंतेवाड़ा में बीजेपी बड़े मार्जिन से जीत दर्ज करेगी ।