साइबर अपराधों के विरुद्ध नारायणपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई,

साइबर अपराधों के विरुद्ध नारायणपुर पुलिस की प्रभावी कार्रवाई,
🔷 *थाना छोटे डोंगर एवं झाराघाटी के 03 साइबर ठगी प्रकरणों में 06 आरोपी गिरफ्तार*
🔷 *मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश एवं हरियाणा से जुड़े आरोपियों पर कार्रवाई, 07 अन्य आरोपियों को नोटिस जारी*
🔷 *कॉल फॉरवर्डिंग, परिचित बनकर ठगी एवं डराकर पैसे ऐंठने के मामलों में कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस छोटे डोंगर श्री मनोज मंडावी एवं साइबर नोडल अधिकारी डीएसपी श्री आशीष कुमार नेताम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी छोटे डोंगर श्री हरिशंकर ध्रुव के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
*विगत 02 माह में साइबर अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई*
नारायणपुर पुलिस द्वारा विगत 02 माह में थाना छोटे डोंगर एवं थाना झाराघाटी के अलग-अलग साइबर ठगी प्रकरणों में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश एवं हरियाणा से जुड़े कुल 13 आरोपियों की पहचान की गई है। इनमें से 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 07 अन्य आरोपियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
01. अपराध क्रमांक 19/2026, थाना छोटे डोंगर – कॉल फॉरवर्डिंग के माध्यम से ₹10,000 की ठगी
इस प्रकरण में कॉल फॉरवर्डिंग के माध्यम से साइबर ठगी की घटना सामने आई, जिसमें ₹10,000 की राशि की ठगी की गई। पुलिस द्वारा विवेचना के आधार पर आरोपी रितेश गुप्ता, निवासी बलिया, उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया गया।
02. अपराध क्रमांक 20/2026, थाना छोटे डोंगर – परिचित बनकर ₹71,606 की साइबर ठगी
एक अज्ञात व्यक्ति ने पीड़ित को फोन कर स्वयं को परिचित बताते हुए फोन-पे के माध्यम से ₹50,000 भेजने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल पर ₹50,000 प्राप्त होने का फर्जी संदेश भेजकर पीड़ित से उक्त राशि वापस भेजने के लिए कहा।
आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने राशि वापस भेज दी। इसके बाद आरोपी ने राशि वापस आने का झांसा देकर फोन पर बताई गई विभिन्न प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कहा। इसके परिणामस्वरूप पीड़ित के बैंक खाते से अलग-अलग बार राशि कट गई और कुल ₹71,606 की साइबर ठगी की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना छोटे डोंगर में अपराध क्रमांक 20/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) एवं 66(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण में पुलिस ने निम्नलिखित 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. रमेश साहू, निवासी भितरवार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश।
2. आकाश रावत, निवासी भैंसा सोनारी, थाना करैरा, जिला शिवपुरी, मध्यप्रदेश।
3. अजय परिहार, निवासी दादूमर, थाना भितरवार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश, कियोस्क सेंटर संचालक।
4. मोहम्मद अरमान खान, निवासी ग्राम सिंहलेरी, थाना पुन्हाना, जिला नूंह, हरियाणा।
प्रकरण की विवेचना के दौरान साइबर सेल नारायणपुर की सहायता से घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों, बैंक खातों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। साइबर नोडल अधिकारी डीएसपी श्री आशीष कुमार नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश एवं हरियाणा में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात आरोपी मोहम्मद अरमान खान को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया व 3 अन्य आरोपी पूर्व से ही न्यायिक अभिरक्षा में है। प्रकरण में 07 अन्य आरोपियों को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं।
03. अपराध क्रमांक 03/2026, थाना झाराघाटी – डराकर ₹1,00,000 की ठगी
थाना झाराघाटी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महीमा गवाड़ी में डराकर ₹1,00,000 की ठगी किए जाने का मामला सामने आया। इस प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा भैया लोधी, निवासी जिला टीकमगढ़, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) एवं 66(डी) के तहत कार्रवाई की गई है।
अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई जारी
नारायणपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों एवं बैंक खातों का विश्लेषण किया जा रहा है। थाना छोटे डोंगर एवं थाना झाराघाटी के अलग-अलग साइबर ठगी प्रकरणों में कुल 13 आरोपियों की पहचान कर 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा 07 अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रकरणों में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में विवेचना जारी है।
नारायणपुर पुलिस की अपील
नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर अपराधी परिचित व्यक्ति बनकर, कॉल फॉरवर्डिंग के माध्यम से अथवा डराकर और फर्जी भुगतान संदेश भेजकर ठगी कर सकते हैं। अतः—
🔹 किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग सक्रिय न करें।
🔹 मोबाइल पर पैसे प्राप्त होने का संदेश मिलने पर अपने बैंक खाते में राशि की पुष्टि अवश्य करें।
🔹 बिना सत्यापन के किसी के कहने पर पैसे वापस न भेजें।
🔹 किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
🔹 साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।
नारायणपुर पुलिस साइबर अपराध के विरुद्ध सतत कार्रवाई, अपराधियों तक पहुंचने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।