विहिप जिला कार्यकारिणी की घोषणा का अधिकार प्रांत को- पाण्डेय

दंतेवाड़ा में विहिप के गठन को बताया अमान्य।
चंद्रकांत छत्रिय दंतेवाड़ा। बीते माह विभाग मंत्री ने सोशल मिडिया में सूचना देकर विश्व हिन्दु परिषद दंतेवाड़ा की कार्यकारिणी टीम को भंग कर दिया था। जिसके बाद 04 फरवरी को मांई दंतेश्वरी मंदिर परिसर में एकत्र होकर कुछ लोगों द्वारा दंतेवाड़ा विहिप की नई कार्यकारिणी की सूची बनाकर आपस में ही जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री व जिला संयोजक का दायित्व ग्रहण कर लिया और स्वयं-भू पदाधिकारी बन गए। कार्यकारिणी का गठन एकदम अचानक से किया गया। पूर्व के दायित्ववान कई सदस्यों को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। आनन फानन में जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर पदाधिकारियों ने मीडिया में भी दंतेवाड़ा जिले में विहिप कार्यकारिणी के गठन की खबरें चलवा दी। इसकी जानकारी जब विहिप के प्रांतीय एवं विभागीय मंत्रीयों को लगी तो प्रांत मंत्री विभूति भूषण पाण्डे ने कहा कि इस तरह से किसी भी जिले में विश्व हिन्दु परिषद का गठन नहीं किया जा सकता। इस तरह का कोई गठन हुआ भी है तो वो मान्य नहीं होगा। विहिप जिला अध्यक्ष, जिला मंत्री एवं जिला संयोजक के नामों की घोषणा का अधिकार केवल प्रांत को है। बाद में कार्यकारिणी जिला की टीम बना सकती हैं। खण्ड, प्रखण्ड एवं नगर के गठन का दायित्व जिले की टीम का है वहीं जिले की घोषणा करने का अधिकार न जिले वालों को है न विभाग का है। जिले की घोषणा करने का अधिकार केवल प्रांत का है।