भूमकाल के महानायक कवासी रोड्डा पेद्दा की प्रतिमा का मंत्री केदार कश्यप ने किया अनावरण।

गढ़मिरी गांव में हजारों लोगों की मौजूदगी में मनाया गया भूमकाल स्मृति दिवस।
संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा । दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में भूमकाल स्मृति दिवस के अवसर पर सर्व समाज द्वारा शनिवार को भूमकाल स्मृति दिवस आयोजित किया गया। जिसमें जिले के प्रभारी मंत्र केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, विधायक चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री कवासी लखमा सहित अन्य सर्व समाज प्रमुखों के द्वारा भूमकाल के महानायक क्रांतिकारी वीर शहीद कवासी रोड्डा पेद्दा के प्रतिमा का अनावरण ग्राम गढ़मिरी में किया गया। भूमकाल दिवस के अवसर पर उपस्थित समस्त अतिथियों और ग्रामीणों के द्वारा संविधान की शपथ ली गई। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज हमारे गढ़मिरी में शहीद वीर कवासी रोड्डा पेद्दा प्रतिमा का भी अनावरण किया गया है। ऐसे महान पूर्वज को शत-शत नमन है, जिन्होंने हमें सिर उठाकर जीने का मौका दिया। यह सभी के लिए गौरव की बात है और यह हमारे आदिवासी समाज के लिए नहीं,बल्कि सभी समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। 1910 में जब भूमकाल आंदोलन हुआ था, तब यहां के पेड़ों को बचाने के लिए उन्होंने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। उनके इस अमूल्य योगदान को चिरस्थाई रखने की दिशा में हम सभी का धरती और जंगल को बचाना परम कर्तव्य है।

अपने सम्बोधन में श्री कश्यप ने आदिवासी समाज की मांग पर सामुदायिक भवन हेतु 20 लाख रुपए की घोषणा भी की। भूमकाल स्मृति दिवस कार्यक्रम में अन्य अतिथि के द्वारा भी अपना उद्बोधन दिया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, मुख्य वन संरक्षक आरसी दुग्गा, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ सागर जाधव एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।