दुर्घटना में घायल सुदरू को समाज कल्याण विभाग ने प्रदान की बैटरी चलित ट्रायसाइकिल।

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में समाज कल्याण विभाग की ओर से सड़क दुर्घटना में दिव्यांग हुए एक ग्रामीण को सहायता प्रदान की गई। ठोठापारा चितालंका निवासी श्री सुदरूराम इच्छाम (पिता स्व. मुराराम इच्छाम) का जुलाई 2021 में एक सड़क दुर्घटना में दाहिना पैर बुरी तरह घायल हो गया था। लंबी चिकित्सा के बावजूद जब पैर ठीक नहीं हुआ, तो अगस्त 2024 में चिकित्सकों की सलाह पर उनका पैर काटना पड़ा। उनका इलाज भद्राचलम में हुआ और वर्तमान में वे पूरी तरह स्वस्थ हैं, लेकिन चलने-फिरने में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। इस समस्या को लेकर 21 मार्च 2025 को श्री सुदरूराम ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के समक्ष अपनी परेशानी रखी। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। निर्देश के अनुरूप, 24 मार्च 2025 को अपर कलेक्टर राजेश कुमार पात्रे द्वारा उन्हें बैटरी चलित ट्रायसाइकिल एवं व्हीलचेयर प्रदान की गई। इस अवसर पर संतोष टोप्पो उप संचालक समाज कल्याण विभाग एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग की इस पहल से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।