
सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों की PLGA बटालियन को बड़ा झटका लगा है। PLGA बटालियन के चीफ रहे नक्सली कमांडर बारसे देवा के भाई बारसे सन्ना समेत चार इनामी नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में दो पुरुष नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था। वहीं एक पुरुष एवं एक महिला नक्सली पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण से नक्सली संगठन को बड़ा नुकसान।
आत्मसमर्पित नक्सली पीएलजीए बटालियन नंबर 01 और पश्चिम बस्तर डिवीजन में सक्रिय थे। वे छत्तीसगढ़ शासन की नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति और ‘नियद नेल्ला नार’ योजना से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं।
नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण और सीआरपीएफ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इस आत्मसमर्पण को सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र में शांति बहाली की प्रक्रिया को बल मिलेगा।