छ ग़ आंध्र सीमा पर बड़ा नक्सली आपरेशन, सीसी मेंबर गजरला रवि ढेर

एसजेडसीएम अरुणा और अंजू मारे गए, एके-47 सहित हथियार बरामद।
सुकमा। नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार तड़के ग्रेहाउंड्स फोर्स ने एक निर्णायक कार्रवाई में सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य गजरला रवि उर्फ उदय को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के मारेडमल्ली जंगलों में हुई। पुलिस ने इस कार्रवाई को नक्सल संगठन की कमर तोड़ने वाला बड़ा झटका बताया है। गजरला रवि वही माओवादी नेता था, जिसने पीपुल्स वार ग्रुप के ज़माने में 2004-05 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की पहल पर राज्य सरकार से शांति वार्ता में भाग लिया था। वर्षों से वह नक्सल आंदोलन का प्रमुख रणनीतिकार रहा। इस मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में मारे गए माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य अप्पा राव उर्फ चलपति की पत्नी अरुणा उर्फ वेंकट चैतन्य (या रवि चैतन्य) भी मारी गई। वह आंध्र प्रदेश ज़ोनल कमेटी की सदस्य थी। तीसरे नक्सली की पहचान अंजू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मारेडमल्ली और रामपचोदावरम के बीच किंतुकुरु गांव के पास 16 नक्सलियों के एक सशस्त्र दल की गतिविधि देखी गई। लगभग 25 मिनट चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों को तीन नक्सलियों के शव मिले। घटनास्थल से एके-47 राइफलें व अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।