नारायणपुर: अबूझमाड़ के जंगलों में बड़ा एनकाउंटर, दो महिला नक्सली ढेर।

नारायणपुर – छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। कोहकामेटा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) नारायणपुर, कोंडागांव और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने बीती रात से माओवादी कैडरों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया।
माड़ डिवीजन के सक्रिय नक्सली कैडर की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा, जिसके बाद नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो महिला माओवादी मारी गईं।
मौके से एक इंसास राइफल, एक .315 बोर हथियार, मेडिकल किट और भारी मात्रा में नक्सली प्रचार सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल क्षेत्र में सघन सर्चिंग ऑपरेशन जारी है ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई को बस्तर अंचल में नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। सुरक्षा बलों ने बताया है कि मारे गए नक्सलियों की पहचान और उनके संगठन में भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है।