
सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत 111वीं बटालियन का सराहनीय प्रयास।
दंतेवाड़ा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भरोसा कायम करने और ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 111वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा एक और उल्लेखनीय कदम उठाया गया। G समवाय की टीम ने फरसपाल सहित आसपास के कई गांवों में जरूरतमंद ग्रामीणों को ट्रांजिस्टर वितरित किए। यह आयोजन कमांडेंट गोपाल यादव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के तहत सैकड़ों ग्रामीणों को ट्रांजिस्टर मिलें, जिससे अब वे शासन की योजनाओं, समाचारों और शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त कर सकेंगे। यह सिर्फ सामग्री वितरण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि ग्रामीणों के साथ विश्वास और सहयोग का सेतु बनाने की एक सशक्त कोशिश थी।
सीआरपीएफ का उद्देश्य आदिवासी जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाना, युवाओं को नक्सलवाद से दूर कर विकास की राह पर लाना और सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सहयोग को भी मजबूत करना है। इस मौके पर ग्राम पंचायत फरसपाल, आलनार, भोगाम, कोटवारपार और मिडकुलनार के आए ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन ने क्षेत्र में भरोसे और सौहार्द का नया संदेश दिया। फरसपाल जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में सीआरपीएफ की उपस्थिति अब न केवल सुरक्षा का प्रतीक है, बल्कि विश्वास और विकास का पर्याय भी बनती जा रही है। ग्रामीणों ने बल के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार जताया और इसे “उम्मीद और विश्वास की नई किरण” करार दिया।कार्यक्रम में 111वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी विवेक कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट पवन कुमार अकोजी, अन्य जवान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।