स्वामी आत्मानंद स्कूल आंवराभांठा में यातायात व महिला सेल ने चलाया जागरूकता अभियान

स्कूली बच्चों को यातायात और साइबर अपराध से किया जागरूक, महिला सुरक्षा पर भी दी गई जानकारी
दंतेवाड़ा |जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम हाई स्कूल आंवराभांठा में मंगलवार को यातायात पुलिस दंतेवाड़ा एवं महिला सेल द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड और आत्मरक्षा जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व यातायात प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू और महिला सेल प्रभारी सउनि आशा सिंह ने किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदित पुष्कर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर. के. बर्मन, तथा डीएसपी (यातायात) नसर उल्लाह सिद्दिकी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
सड़क सुरक्षा पर विशेष बल
प्रभारी प्रहलाद साहू ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाते हुए कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी जीवन के लिए घातक हो सकती है। उन्होंने विशेष रूप से नाबालिगों को वाहन न चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, शराब पीकर वाहन न चलाने, तीन सवारी, मोबाइल के उपयोग, बिना लाइसेंस ड्राइविंग, स्टंट, और तेज आवाज वाली साइलेंसर जैसे खतरनाक प्रवृत्तियों से बचने के लिए समझाइश दी।
साइबर अपराध से सतर्क रहने की सलाह
अभियान के दौरान साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, OTP व पासवर्ड शेयर न करने, और फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से संपर्क न रखने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
महिला सुरक्षा और ‘अभिव्यक्ति’ ऐप का महत्व
महिला सेल प्रभारी आशा सिंह ने पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बेड टच, और महिलाओं की आत्मरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने छात्राओं को ‘अभिव्यक्ति’ ऐप इंस्टॉल करने और संकट के समय उसका प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पुलिस किस तरह इस ऐप के माध्यम से त्वरित मदद प्रदान करती है।
शपथ और पौधारोपण के साथ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिजनों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही ‘माँ के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती सुनीता गोस्वामी, प्रधान पाठक राम चंद्र नागेश, सउनि जितेंद्र त्रिपाठी (यातायात विभाग), सउनि कविता पोयम (महिला थाना) सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं यातायात पुलिस दंतेवाड़ा की टीम मौजूद रही।
