कुआकोंडा में कांग्रेस का एकदिवसीय प्रदर्शन, बिजली दर वृद्धि पर खोला मोर्चा।

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में बिजली दरों में भारी वृद्धि और लगातार बिजली कटौती से परेशान जनता की आवाज उठाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुआकोंडा ने आज बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। साय सरकार द्वारा बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार को जनविरोधी करार दिया। कांग्रेसियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए बिजली बिल में हुई वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस पार्टी द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं पर बिजली दरों में बढ़ोतरी का बोझ डालने, लगातार बिजली कटौती से जनता को परेशान, बिजली व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की मांग की है। साथ ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि अगर बिजली संकट और बिल वृद्धि पर सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भास्कर राठौर, भीमसेन मंडावी, सौरभ सविता, रामकुमार नाग, मंगल, संतोष, पीलाराम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।