BASTARHelthSukma

सुकमा में संजीवनी जांच केंद्र का शुभारंभ, स्थानीय स्तर पर सोनोग्राफी और खून जांच की सुविधा होगी ।

 

सुकमा। जिला मुख्यालय सुकमा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संजीवनी जांच केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे ने फीता काटकर लैब का विधिवत उद्घाटन किया।

इस नव स्थापित जांच केंद्र में सोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी और खून की जांच जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शुभारंभ अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि, “इस लैब के खुलने से सुकमा जिले के सुदूर अंचल के ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए अब शहर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। खासकर गर्भवती महिलाओं को अब जगदलपुर, भद्राचलम या मलकानगिरी जैसे दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना होगा।”

संजीवनी जांच केंद्र के संचालक एस. कुमार ने बताया कि अब तक ग्रामीणों को खून जांच और सोनोग्राफी जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता था, जिससे समय, धन और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ता था। लेकिन अब स्थानीय स्तर पर यह सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।