BASTARCHHATTISGARHNarayanpurPolish

नारायणपुर पुलिस का यातायात अभियान तेज, नियम उल्लंघन पर 66 वाहन चालकों पर कार्यवाही।

यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें – एसपी रॉबिन्सन 

सुरेश सोनी नारायणपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश के नारायणपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी मोहसिन खान के नेतृत्व में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग जोन में खड़े 18 ट्रक/हाईवा वाहनों पर चालानी कार्यवाही की गई। चालकों को समझाइश दी गई कि वे दोबारा ऐसी गलती न दोहराएं और यातायात नियमों का पालन करें।

 

इसके अलावा अभियान के दौरान बिना हेलमेट चल रहे 22 वाहन चालक, बिना सीट बेल्ट 23 वाहन चालक, तथा शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए 3 चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन सभी मामलों में तत्काल चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमों का महत्व समझाया। एसपी रॉबिन्सन गुड़िया ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का हमेशा उपयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।” पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक करने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम हो। नारायणपुर पुलिस की यह मुहिम आने वाले दिनों में और भी सख्ती के साथ जारी रहेगी।