सीआरपीएफ 111 बटालियन के जवानों ने दंतेवाड़ा में मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प में किया रक्तदान।

दंतेवाड़ा। जिला चिकित्सालय में सोमवार को जिला प्रशासन एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में “मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 111वीं बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इस पुनीत कार्य में भाग लेकर जवानों ने यह संदेश दिया कि सुरक्षा के साथ-साथ समाज सेवा में भी वे अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। ब्लड डोनेशन कैंप के दौरान बटालियन के कमांडेंट श्री गोपाल यादव स्वयं उपस्थित रहे और रक्तदान करने वाले जवानों का उत्साहवर्धन किया।

कमांडेंट श्री यादव ने कहा, “रक्तदान एक महान कार्य है, जिससे किसी की जान बचाई जा सकती है। हमें न सिर्फ खुद को, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।” उन्होंने जवानों को रक्तदान के लाभों की जानकारी दी और इसके प्रति फैली भ्रांतियों को भी दूर किया। इस मौके पर अस्पताल प्रशासन एवं रेड क्रॉस सोसाइटी ने बटालियन के इस कदम की सराहना करते हुए जवानों की मानव सेवा भावना को नमन किया। आयोजन में भाग लेने वाले जवानों की इस सहभागिता को जिले में समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बताया गया। यह आयोजन न सिर्फ जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होगा, बल्कि समाज को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित भी करेगा।