बीजापुर में नक्सलियों ने एक और शिक्षादूत की हत्या, क्षेत्र में दहशत।

संवाद एक्सप्रेस बीजापुर। बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती की नक्सलियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कल शाम स्कूल से घर लौटते समय नक्सलियों ने उनका अपहरण कर लिया था और देर रात वारदात को अंजाम दिया। मृतक कल्लू ताती तोड़का गांव के रहने वाले थे। शिक्षा के माध्यम से ग्रामीणों और बच्चों को जागरूक करने वाले इस शिक्षादूत की हत्या से इलाके में खौफ और आक्रोश का माहौल है।
शिक्षादूतों पर लगातार हो रहे हमले।
बंद पड़े स्कूलों के पुनः संचालन के बाद से नक्सलियों ने शिक्षादूतों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। अब तक कुल 9 शिक्षादूतों की हत्या हो चुकी है, जिनमें से 5 बीजापुर जिले और 4 सुकमा जिले में मारे जा चुके हैं। इस ताजा घटना ने शिक्षा जगत और ग्रामीणों को गहरा झटका दिया है।
प्रशासन और सुरक्षा बल अलर्ट।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग तेज कर दी है। वहीं प्रशासनिक अमला भी घटना की पुष्टि करते हुए इसे नक्सलियों की सोची-समझी रणनीति करार दे रहा है।
ग्रामीणों में भय का माहौल।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। शिक्षकों और शिक्षादूतों में भी असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा के प्रसार में लगे लोगों को निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।