आर्मी जवान की पत्नी ने लगाई फांसी, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से थी परेशान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक आर्मी जवान की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का नाम प्रीति सिंह बताया जा रहा है, जबकि उसके पति का नाम मुकेश सिंह है, जो वर्तमान में राजस्थान के जैसलमेर में पदस्थ है। परिजनों का आरोप है कि प्रीति की आत्महत्या की वजह उसके पति के अवैध संबंध और कथित प्रेमिका की ओर से मिली गालियां और धमकी हैं। जानकारी के अनुसार, मृतका प्रीति ने तीज के दिनउपवास रखा था और सास का आशीर्वाद लेने के लिए घर आई थी। इसी दौरान उसने अपने पति मुकेश सिंह से वीडियो कॉलिंग पर बातचीत भी की। इसी बीच प्रीति को यह पता चला कि उसके पति की कथित प्रेमिका ने तीज के दिन उसकी सास के साथ पूजा की और उस पूजा की तस्वीर व वीडियो का व्हाट्सऐप स्टेटस लगाया। यह दृश्य देखकर प्रीति आहत हो गई और उसने उसी महिला को कॉल किया। यहीं से विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। कॉल पर गालियां और धमकी परिजनों के अनुसार, जिस महिला से प्रीति ने बात की, उसने फोन पर प्रीति को गालियां दीं और यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दे डाली। यह पूरी बातचीत एक कांफ्रेंस कॉल पर हुई, जिसमें प्रीति का पति मुकेश सिंह भी शामिल था। बताया जा रहा है कि इस कॉल की रिकॉर्डिंग प्रीति ने अपने परिजनों को व्हाट्सऐप पर भेज दी थी। परिजनों ने कहा कि ऑडियो रिकॉर्डिंग में साफ सुना जा सकता है कि कथित प्रेमिका लगातार गालियां दे रही है और धमकी भी दे रही है। मृतका के परिजनों का कहना है कि प्रीति लंबे समय से अपने पति के अवैध संबंध को लेकर तनाव में थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति मुकेश सिंह अपनी कथित प्रेमिका के साथ लगातार संपर्क में रहता था और पत्नी की भावनाओं की अनदेखी करता था। परिजनों ने यह भी कहा कि अगर प्रीति को गालियां और धमकी न दी जाती, तो शायद उसने इतना बड़ा कदम नहीं उठाया होता। उनका कहना है कि इस घटना के लिए सीधे तौर पर पति और उसकी कथित प्रेमिका जिम्मेदार हैं।ऑडियो से खुलासा ऑडियो क्लिप को सुनने के बाद परिजन इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि प्रीति ने आत्महत्या करने से पहले मानसिक रूप से गहरी चोट खाई थी। धमकी और अपमानजनक भाषा ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया। इस ऑडियो क्लिप को परिजन अब पुलिस को सौंपी जाने की तैयारी में हैं, ताकि जांच में इसे सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोहन नगर थाना पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों को समझने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और कॉल रिकॉर्डिंग को भी जांच में शामिल किया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने के एंगल से जांच कर रही है। यदि आरोप पुख्ता पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा