33 लाख के ईनामी 20 खूंखार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा। नक्सलवाद से जूझ रहे सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुल 20 नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 33 लाख के इनामी नक्सली सहित 9 महिला और 11 पुरुष नक्सली शामिल हैं । आत्मसमर्पण करने वालों में PSI बटालियन में सक्रिय 1 हाईकमान महिला नक्सली के साथ-साथ पार्टी सदस्य, एसपीओ, मिलिशिया कमांडर और अन्य जिम्मेदार पदों पर सक्रिय रहे नक्सली भी शामिल हैं। समर्पित माओवादियों में 2 नक्सलियों पर ₹8-8 लाख, 1 नक्सली पर ₹5 लाख, 4 नक्सलियों पर ₹2-2 लाख कुल मिलाकर 33 लाख के इनामी नक्सलियों ने हथियार डाले।छत्तीसगढ़ शासन की नवीन नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सलियों ने हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।शासन की नीति के तहत सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को ₹50-50 हजार की प्रोत्साहन राशि और अन्य पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह आत्मसमर्पण जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा में हुआ, जहाँ पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशांत शुक्ला, एसडीओपी धुरवराम सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। लगातार पुलिस और सुरक्षा बलों की दबिश तथा शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इसे सुकमा में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है