नकुलनार गांव में गणेशोत्सव की धूम, आरती में उमड़ती है भीड़।

संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बस्तर अंचल में जगह-जगह गणेश उत्सव की धूम देखी जा रही है। दंतेवाड़ा जिले के नकुलनार गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई है। मंदिर के पुजारी विजय तिवारी प्रतिदिन विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सुबह और शाम आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है।

संध्या आरती के उपरांत गांव के निवासी बड़ी संख्या में मंदिर प्रांगण पहुंचकर भगवान गणेश की आरती में शामिल होते हैं। गणेश उत्सव समिति द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता है। इस दौरान गांव का वातावरण पूरी तरह भक्ति और उत्साह से सराबोर हो जाता है। गांव के महिला-पुरुष और बच्चे उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गांव में इन दिनों पूरा माहौल गणेशमय बना हुआ है।