BASTARCHHATTISGARHDantewadaNarayanpurNaxalPolish

नेंदुर-गवाडी मुठभेड़, ऑपरेशन मानसून में बड़ी सफलता, 8 लाख की ईनामी महिला नक्सली ढेर।

 

नारायणपुर/दंतेवाड़ा।  नारायणपुर दंतेवाड़ा के सीमावर्ती अबूझमाड़ के कठिन इलाकों में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिले की डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने “माड़ बचाओ अभियान” के तहत चल रहे ऑपरेशन मानसून में 8 लाख रुपए की ईनामी महिला नक्सली कमांडर सोढ़ी विमला को मार गिराया। विमला प्लाटून नंबर-16 की कमांडर और पीपीसी सचिव थी, जिस पर कई नक्सली वारदातों में शामिल होने का आरोप था।

4 सितंबर से नारायणपुर और दंतेवाड़ा डीआरजी व एसटीएफ की संयुक्त पुलिस पार्टी ने ओरछा थाना क्षेत्र के ग्राम बोण्डोस, नेंदुर, गवाडी और आसपास के जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया। 5 सितंबर को जैसे ही पुलिस पार्टी नेंदुर-गवाडी के जंगल-पहाड़ क्षेत्र में पहुंची, माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दिनभर चले इस मुठभेड़ में नक्सली कमजोर पड़ते देख भाग निकले। मौके पर एक महिला नक्सली का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सोढ़ी विमला के रूप में हुई है।

 घटना स्थल से हथियार और विस्फोटक हुआ बरामद।सर्चिंग के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बड़ी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद किए हैं। इनमें शामिल हैं—01 नग .303 रायफल, 01 नग 315 बोर रायफल, 02 नग बीजीएल लांचर, 05 नग बीजीएल सेल, 19 किलो तरल विस्फोटक (जिलेटिन स्टिक) एमएम, 01 नग रेडियो, 01 नग इलेक्ट्रॉनिक स्वीच, अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद हुई है ।

पुलिस के अनुसार घटना स्थल पर खून के धब्बे मिले हैं, जिससे अनुमान है कि कई नक्सली गोली लगने से घायल हुए हैं। यह ऑपरेशन आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी., डीआईजी कांकेर, अमित कांबले, डीआईजी दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप, एसपी नारायणपुर रोबिनसन गुड़िया, एसपी दंतेवाड़ा गौरव राय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाया गया।

एसपी नारायणपुर रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि प्लाटून 16 लगातार क्षेत्र में सक्रिय था और कई नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। अबूझमाड़ अब नक्सलियों के लिए सुरक्षित नहीं है। मानसून जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी लगातार ऑपरेशंस से नक्सलियों की कमर टूटी है। नक्सलवाद को समाप्त करने के निर्णायक चरण में हम प्रवेश कर चुके हैं। नक्सलवाद की खोखली विचारधारा से भ्रमित लोग आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें।” वहीं आईजी बस्तर सुंदरराज पी ने बताया कि “पूरे बस्तर संभाग में माओवादियों के विरुद्ध सशक्त अभियान जारी है। मानसून जैसी विषम परिस्थिति में मिली यह सफलता सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। बस्तर में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित किया जाएगा।”