Dantewada

कटेकल्याण के डीएव्ही स्कूल में शिक्षक दिवस पर छात्रों ने गुरुजनों के प्रति जताया आभार।

 

संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा।  दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में शिक्षक दिवस के अवसर पर कटेकल्याण के डीएव्ही स्कूल में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई।

   इस दौरान बच्चों ने कविताओं, नृत्य और गीतों की रंगारंग प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरुजनों को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि शिक्षा ही उनका सच्चा मार्गदर्शन है। विशेष आयोजन के तहत शिक्षिकाओं के बीच प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें अध्यापिका निक्की मिश्रा ने प्रथम स्थान और ज्योति कर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

दोनों को मंच पर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्राचार्य पी. वेणुगोपाल राव ने इस अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि शिक्षा समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करती है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि गुरुजनों का सम्मान करना हर विद्यार्थी का पहला कर्तव्य होना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। पूरा विद्यालय कृतज्ञता और उत्सव की भावना से सराबोर रहा।