बस्तर के स्वर्ग आकाशनगर, बैलाडीला खदानों में इस बार नहीं होगा विश्वकर्मा पूजा का दीदार।

बारिश व भूस्खलन की आशंका को देखते हुए एनएमडीसी प्रबंधन ने लगाया प्रतिबंध
दंतेवाड़ा। बस्तर का स्वर्ग कहे जाने वाले बैलाडीला खदानों की खूबसूरती और यहां होने वाली भव्य विश्वकर्मा पूजा का इस बार सैलानी दीदार नहीं कर पाएंगे। एनएमडीसी बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से खदानों में आमजन व पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
हर साल किरंदुल खदानों में बड़े पैमाने पर विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जाता है, जहां हजारों की तादाद में लोग पहुंचते हैं। यहां चल रहे खनन कार्य, विशालकाय मशीनें और प्राकृतिक छटा पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहती है।
लेकिन इस साल लगातार बारिश, बाढ़, भू-स्खलन की आशंका और सर्पीले रास्तों की फिसलन को देखते हुए प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। खदान क्षेत्र में मानसून के दौरान कोहरा और भारी बारिश के चलते हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
प्रबंधन ने साफ किया है कि माइन्स 14, 11/सी, 11/बी सहित सभी संयंत्रों में आमजनों और निजी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह फैसला सैलानियों की सुरक्षा और खनन कार्य की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।