BASTARBJP

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत बन रहा आत्मनिर्भरता का वैश्विक प्रतीक — केदार कश्यप

 

दंतेवाड़ा। भारत अब आत्मनिर्भरता के उस युग में प्रवेश कर चुका है जहाँ स्वदेशी तकनीक, उत्पादन और नवाचार देश की प्रगति की नई परिभाषा गढ़ रहे हैं। दंतेवाड़ा जिला ग्रंथालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” विज़न पर विस्तृत चर्चा की।

रक्षा से लेकर डिजिटल भारत तक आत्मनिर्भरता की मिसाल।

मंत्री कश्यप ने कहा कि हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध किया है कि भारत अब अपनी सुरक्षा के लिए किसी देश पर निर्भर नहीं है। भारतीय निर्मित हथियारों और स्वदेशी तकनीक से लैस सेनाओं ने निर्णायक सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से भारत में ही जेट इंजन और सेमीकंडक्टर चिप बनाने का आह्वान किया है, जो 2025 तक तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम होगा।

स्पेस, एनर्जी और खनिज क्षेत्र में नई उड़ान।

मंत्री ने कहा कि भारत अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष अनुसंधान में विश्व नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के अपने स्पेस स्टेशन की घोषणा की है और वर्तमान में 300 से अधिक भारतीय स्टार्टअप अंतरिक्ष तकनीक पर काम कर रहे हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में भारत ने 2030 का लक्ष्य पाँच वर्ष पहले ही पूरा कर लिया है। सौर, परमाणु, जलविद्युत और हाइड्रोजन ऊर्जा में भारत अब अग्रणी देशों की सूची में शामिल है।

प्रधानमंत्री ने देश की स्वतंत्रता के 100वें वर्ष तक परमाणु ऊर्जा क्षमता दस गुना बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है।

कश्यप ने बताया कि भारत ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन शुरू किया है। इसके तहत 1200 नए खनिज स्थलों की खोज की जा रही है, जिससे देश की औद्योगिक और रणनीतिक स्वतंत्रता और भी मजबूत होगी।

किसानों और डिजिटल भारत के लिए बड़े कदम।

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को सशक्त करने के लिए घरेलू स्तर पर उर्वरक उत्पादन पर जोर दे रहे हैं। इससे कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आएगी और किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि भारत अब डिजिटल डेटा, सोशल मीडिया और साइबर सुरक्षा में भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है। युवाओं को भारत के अपने डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कोविड के स्वदेशी टीके बने प्रेरणा का प्रतीक।

कश्यप ने कहा कि कोविड काल में भारत के स्वदेशी टीके कोवैक्सीन और कोविशील्ड ने पूरी दुनिया को दिशा दी। उन्होंने कहा कि यही मॉडल अब भारत की स्थायी आत्मनिर्भरता की नींव बनेगा।

स्वदेशी अपनाएँ, भारत बढ़ाएँ’ अभियान की अपील

“प्रधानमंत्री मोदी ने देश के नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे भारतीय वस्तुओं का उपयोग करें और स्वदेशी को गर्व से अपनाएँ। अब हर दुकान के बाहर ‘स्वदेशी अपनाएँ, भारत बढ़ाएँ’ का बोर्ड लगना चाहिए।”उन्होंने बताया कि 25 सितंबर (पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से लेकर 25 दिसंबर (अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक भाजपा द्वारा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

मिशन सुदर्शन चक्र ’ से और सशक्त होगी भारत की रक्षा।

मंत्री कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में “मिशन सुदर्शन चक्र” की शुरुआत की घोषणा की है। यह मिशन भारत की आक्रामक रक्षा क्षमता को मज़बूत करेगा और दुश्मन की घुसपैठ को निष्प्रभावी करेगा। उन्होंने कहा कि यह मिशन भगवान श्रीकृष्ण के सुदर्शन चक्र से प्रेरित है, जो भारत की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, ओजस्वी मंडावी, महामंत्री मुन्ना मरकाम, सत्यजीत चौहान, मुकेश शर्मा, सत्यनारायण महापात्र, नंदलाल मुडामी, धीरेन्द्र प्रताप, पायल गुप्ता, अरविन्द कुंजाम और जय भंसाली सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।