CHHATTISGARHDantewada

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर रैली और बालिका सभा के माध्यम से सशक्तिकरण का संदेश — स्वामी आत्मानंद विद्यालय कुआकोंडा में हुआ आयोजन।

दंतेवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुआकोंडा में पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से रैली एवं बालिका सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं ने “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ”, “हम हैं नई शक्ति, नई उड़ान” जैसे नारों के माध्यम से समाज में बालिकाओं के अधिकार और सशक्तिकरण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि आज की बालिका समाज की रीढ़ है। उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर प्रदान करना ही सच्चे अर्थों में समाज को सशक्त बनाना है। पुष्पा भट्ट ने कहा कि हर लड़की को अपने सपनों को साकार करने का अधिकार है, और समाज को उसकी राह में साथ चलना चाहिए।

निधि श्रीवास्तव ने छात्राओं को जीवन में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री जोगु राम नेताम ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं बल्कि हर बालिका में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना जगाना है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बालिकाओं ने रंगोली, पोस्टर और गीतों के माध्यम से “हम भी कर सकते हैं” का संदेश दिया। साथ ही बच्चों ने भ्रूण हत्या रोकने को लेकर नाटक भी किए थे। कार्यक्रम का संचालन धीरेन्द्र सिंह राठौर द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। समापन अवसर पर सभी बालिकाओं ने समान अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा की शपथ ली।